दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।।उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले रुद्रप्रयाग विधानसभा सीट को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत के बीच जुबानी जंग सामने आई है। भरत चौधरी ने हरक सिंह रावत को रुद्रप्रयाग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है, तो वहीं हरक सिंह रावत ने पलटवार करते हुए स्पष्ट किया कि उनकी चुनावी सीट का निर्णय मंत्री भरत चौधरी नहीं, बल्कि कांग्रेस हाईकमान करेगा।
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने हरक सिंह रावत पर निशाना साधते हुए कहा कि हरक सिंह बयानबाजी करने में कुख्यात हैं। यदि उनमें साहस है तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में रुद्रप्रयाग सीट से चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय हरक सिंह रावत कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में थे, जबकि वह स्वयं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे थे।भरत चौधरी ने आरोपों और पुराने चुनावी संदर्भों को सामने रखते हुए कहा कि उस समय हरक सिंह रावत ने धारी देवी की कसम खाई थी कि मुख्यमंत्री नहीं बनने पर विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत यदि फिर रुद्रप्रयाग से चुनाव लड़ते हैं तो जनता के बीच दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
वहीं, हरक सिंह रावत ने भरत चौधरी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि यह तय करने का अधिकार मंत्री भरत चौधरी को नहीं है कि वह किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान जिस सीट से उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहेगा, वह उसी सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। फिलहाल उनकी तैयारी सहसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की है।
हरक सिंह रावत ने वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वह उस चुनाव में रुद्रप्रयाग सीट से भरत चौधरी को उनके घर में ही चुनाव हरा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी उन्हें दोबारा रुद्रप्रयाग सीट से चुनाव लड़ने के लिए भेजती है तो भरत चौधरी को अपनी स्थिति का पता चल जाएगा।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों नेताओं के इस बयानबाजी ने रुद्रप्रयाग सीट को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि आने वाले समय में दोनों नेताओं के बीच यह जुबानी जंग किस दिशा में आगे बढ़ती है और चुनावी समीकरण क्या रूप लेते हैं।










