दस्तक पहाड़ न्यूज श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी के बीच एक महिला पत्रकार को प्रवेश से रोके जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रीजनल रिपोर्टर की संपादक गंगा असनोड़ा ने आरोप लगाया है कि उन्हें मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में प्रवेश नहीं करने दिया गया, जबकि वह कार्यक्रम की लाइव कवरेज करना चाहती थीं। इस घटनाक्रम ने पत्रकारिता की स्वतंत्रता और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।एक ओर कार्यक्रम स्थल पर ढोल-दमाऊं की गूंज, पुष्पवर्षा और मुख्यमंत्री की ओर से विकास योजनाओं की घोषणाएं हो रही थीं, वहीं दूसरी ओर संपादक गंगा असनोड़ा को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं मिल पाया। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि आखिर एक पत्रकार को सार्वजनिक कार्यक्रम में जाने से क्यों रोका गया?
सरकार पत्रकारों के सवालों से असहज क्यों? गंगा असनोड़ा ने कार्यक्रम स्थल के बाहर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए पूछा कि आखिर उनके कौन से सवाल थे, जिनसे सरकार या प्रशासन असहज हो सकता था? क्या किसी पत्रकार को सिर्फ इसलिए सार्वजनिक कार्यक्रम से दूर रखा जा सकता है, क्योंकि वह सरकार से सवाल पूछना चाहती है?उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए भी राजनीतिक नेतृत्व से सवाल किए। साथ ही स्थानीय पुलिस और एलआईयू की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछा कि उन्हें रोकने के पीछे किसका निर्देश था और क्या इसके लिए कोई खुफिया रिपोर्ट या प्रशासनिक आदेश जारी किया गया था?
मंत्री धन सिंह रावत से भी मांगा जवाब: गंगा असनोड़ा ने कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को संबोधित करते हुए कहा कि वह केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि श्रीनगर की बहू और इस शहर की नागरिक भी हैं। ऐसे में उनके साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया गया?उन्होंने बताया कि सूचना विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने के बावजूद उन्हें प्रवेश से रोकने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर कथित अभद्र व्यवहार और लगाए जा रहे नारों पर भी आपत्ति जताई।
विकास की घोषणाओं के बीच पत्रकारों के सवालों की जगह कहां : इस पूरे घटनाक्रम ने एक बुनियादी सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सार्वजनिक कार्यक्रमों में मीडिया की भूमिका सिर्फ सरकार की घोषणाओं और उपलब्धियों को दिखाने तक सीमित रहनी चाहिए? लोकतंत्र में पत्रकारिता का दायित्व केवल खबरों का प्रसारण करना नहीं, बल्कि सत्ता से सवाल पूछना और जनता की आवाज को सामने लाना भी है।गंगा असनोड़ा ने इस घटना को प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़ा मामला बताया है। हालांकि, उन्हें प्रवेश से रोकने के पीछे प्रशासनिक कारण क्या थे, इस संबंध में संबंधित अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
अब सवाल सरकार और प्रशासन से है कि आखिर संपादक गंगा असनोड़ा को मुख्यमंत्री के सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रवेश से क्यों रोका गया? क्या इसकी कोई लिखित अनुमति संबंधी बाध्यता थी या फिर कोई विशेष प्रशासनिक निर्देश? जब सरकार जनता के बीच विकास की उपलब्धियां गिनाने पहुंचती है, तो सवाल पूछने वाले पत्रकारों के लिए भी दरवाजे खुले होने चाहिए।लोकतंत्र में सवाल पूछना पत्रकार का अधिकार और जवाब देना सत्ता की जवाबदेही है।


बैकुंठ चतुर्दशी मेले के उद्घाटन








