दस्तक पहाड़ न्यूज रुद्रप्रयाग। जनसुरक्षा एवं व्यापक जनहित में अस्थायी रूप से स्थगित की गई श्री मद्महेश्वर धाम यात्रा-2026 बुधवार, 19 अगस्त से पुनः शुरू कर दी गई है। यात्रा के पुनः संचालन को लेकर जिलाधिकारी ने यात्रियों की सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन ने उप जिलाधिकारी ऊखीमठ की ओर से पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी, लोक निर्माण विभाग, तहसीलदार ऊखीमठ और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी से प्राप्त रिपोर्ट एवं स्थलीय स्थिति का आकलन करने के बाद यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया।
यात्रा के दौरान ट्रॉली स्थल पर भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। महिला एवं वृद्ध यात्रियों की सहायता के साथ किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ट्रॉली संचालन का समय निर्धारित: यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रॉली संचालन के लिए तीन समय निर्धारित किए गए हैं। ट्रॉली सुबह 6:30 बजे से 9:00 बजे तक, 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा दोपहर 2:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक संचालित होगी। निर्धारित अंतराल में विश्राम एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए हॉल्ट रहेगा। यात्रा मार्ग पर दुर्घटना या आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और खोज एवं बचाव दलों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। संबंधित विभागों को मार्ग, पुल-पुलिया, ट्रॉली स्थल और सुरक्षा उपकरणों सहित अन्य व्यवस्थाओं का परीक्षण कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित सुरक्षा निर्देशों और संबंधित विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।










