दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग, 17 अक्टूबर। जनपद रुद्रप्रयाग में शनिवार को अपराह्न करीब 2:33 बजे पीडब्ल्यूडी तिराहे के समीप एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार चालक समेत सभी 16 लोग घायल हो गए। घायलों में आठ महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा डीडीआरएफ टीम और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, जिला आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस, कोतवाली रुद्रप्रयाग के एसएचओ तथा 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।रेस्क्यू टीमों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना में घायल सभी 16 लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया। सभी घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना की स्थिति तथा राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।जिला प्रशासन के अनुसार घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों द्वारा घायलों के उपचार एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए लगातार समन्वय किया जा रहा है।वाहन संख्या DL 01 VC 6074 में चालक समेत कुल 16 लोग सवार थे। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।










