दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। कृषि विभाग के कार्मिकों की लंबित मांगों को लेकर अधीनस्थ कृषि सेवा संघ ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। संघ ने शासन को पत्र भेजकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा करते हुए मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई न होने की स्थिति में 27 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप भट्ट और जिला मंत्री श्रेय बड़थ्वाल की ओर से शासन को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि पूर्व में 15 अप्रैल और 29 सितंबर 2026 को भी मांगों के संबंध में पत्र भेजे गए थे, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में रोष बढ़ रहा है।
संघ की प्रमुख मांगों में सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-3 का ग्रेड पे ₹2400 से बढ़ाकर ₹4200 करने की मांग शामिल है। संघ का कहना है कि इस पद पर बीएससी एग्रीकल्चर जैसी तकनीकी एवं व्यावसायिक योग्यता रखने वाले कार्मिक विभिन्न तकनीकी दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। संघ के अनुसार 12 सितंबर 2025 को कृषि मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रेड पे उच्चीकरण पर सहमति बनी थी और प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अभी तक इस पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
इसके अलावा सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 को राजपत्रित घोषित करने और ग्रेड पे ₹4800 करने की मांग भी उठाई गई है। कर्मचारियों ने एग्रीस्टैक समेत अन्य ऑनलाइन विभागीय कार्यों के लिए पर्याप्त लैपटॉप, इंटरनेट, तकनीकी सहयोग और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है। संघ का कहना है कि संसाधनों के अभाव में कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है।
संघ ने फसली पड़ताल का कार्य निजी सर्वेयर के माध्यम से आउटसोर्स करने, 28 मार्च 2025 से प्रभावी शिथिलीकरण नियमावली के तहत पात्र कार्मिकों को पदोन्नति में शिथिलीकरण का लाभ तत्काल देने तथा वर्ग-3 और वर्ग-2 के आमेलन के बाद दोनों संवर्गों को ₹4200 ग्रेड पे देने की मांग की है। साथ ही सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 को 10 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर ₹5400 ग्रेड पे देने की मांग भी रखी गई है। प्रयोगशालाओं में कार्यरत AAO-2 और AAO-1 को जोखिम भत्ता देने तथा रसायन शाखा के लिए जिला स्तर पर सहायक निदेशक का पद सृजित करने की मांग भी आंदोलन में शामिल है।
चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
संघ के अनुसार कर्मचारी 1 अक्टूबर से काली पट्टी बांधकर कार्य कर रहे हैं, जबकि 10 अक्टूबर से एग्रीस्टैक एवं अन्य विभागीय ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार का निर्णय लिया गया है। 16 अक्टूबर को निदेशालय स्तर पर ज्ञापन, ध्यानाकर्षण एवं धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।
संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 27 अक्टूबर तक मांगों पर सकारात्मक और ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी सचिवालय कूच कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। संघ ने शासन से मांगों का शीघ्र और समयबद्ध समाधान करने की अपील की है।










