दस्तक पहाड न्यूज ऊखीमठ। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, ऊखीमठ में सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से बालिकाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सैनिटरी नैपकिन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की करीब 150 छात्राओं को सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए।
कार्यक्रम में सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक श्रीमती गीता धामी का संदेश छात्राओं के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। विद्यालय की छात्रा अध्यक्ष कुमारी खुशी ने संदेश का वाचन करते हुए कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य बालिकाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मविश्वास को ध्यान में रखते हुए उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। संदेश में कहा गया कि मासिक धर्म किसी शर्म या संकोच का विषय नहीं, बल्कि हर बेटी के जीवन का स्वाभाविक हिस्सा है। इसके प्रति जागरूकता और व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर सजग रहना बेहद जरूरी है। सैनिटरी नैपकिन के उचित उपयोग से मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और संक्रमण के जोखिम को कम करने में मदद मिलती है। फाउंडेशन का प्रयास है कि प्रत्येक बेटी को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि वह स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों की ओर आगे बढ़ सके।
कार्यक्रम का आयोजन सेवा संकल्प फाउंडेशन की जिला अध्यक्ष सुमन जमलोकी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष हेमलता नौटियाल, नामित सभासद मीरा देवी सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। उपस्थित अतिथियों ने इस तरह की पहलों को बालिकाओं के स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।










