दस्तक पहाड़ NEWS | अगस्त्यमुनि। विकासखंड अगस्त्यमुनि सभागार में चमोली जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग जनपद रुद्रप्रयाग के संयुक्त तत्वावधान में वृहद किसान ऋण मेला एवं वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए सहकारी बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी ऋण योजनाओं को ग्रामीणों, किसानों तथा युवाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। किसानों, युवाओं, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंकिंग सुविधाओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऋण मेलों और वित्तीय साक्षरता शिविरों के माध्यम से लोगों को बैंक की योजनाओं की जानकारी मिलती है और वे स्वरोजगार तथा कृषि गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस दौरान चमोली जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत ने जनपद रुद्रप्रयाग में सहकारी बैंक और सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित सरकारी ऋण योजनाओं की प्रगति तथा संबंधित आंकड़ों पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार लाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं का उद्देश्य ग्रामीणों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना है, इसलिए योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सक्रिय प्रयास किए जाने चाहिए। बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक सूर्य प्रकाश सिंह ने बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहकारी बैंक किसानों, व्यापारियों और युवाओं को कृषि, व्यवसाय एवं स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से बैंक की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की।
ऋण मेले में कृषि ऋण, आवास ऋण, व्यवसाय ऋण, शिक्षा ऋण, समूह ऋण एवं वाहन ऋण सहित विभिन्न वित्तीय योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक करना, वित्तीय साक्षरता बढ़ाना और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना रहा।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता अनूप सेमवाल ने किया। इस अवसर पर सहकारी बैंक एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, किसान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।










