दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग।। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने रविवार को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सा सेवाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य अस्पताल की वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के दृष्टिगत स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाना रहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन तथा विभिन्न चिकित्सा अनुभागों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि अस्पताल के सभी कक्षों और सूचना पट्टों पर आवश्यक सूचनाएं, बोर्ड और साइनेज व्यवस्थित किए जाएं, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके। साथ ही जच्चा-बच्चा अनुभाग के प्रसव कक्ष के बाहर लिंगानुपात चार्ट लगाने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड रूम को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश देते हुए रेडियोलॉजी, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी लैब सहित अन्य अनुभागों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में आभा आईडी सेवाएं संचालित न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और इसे जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि यथासंभव मरीजों को जिला चिकित्सालय में ही समुचित उपचार दिया जाए और अनावश्यक रूप से हायर सेंटर रेफर करने से बचा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हायर सेंटर भेजे गए प्रत्येक मामले की समीक्षा की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर व्यवस्थाओं और उपचार संबंधी फीडबैक भी लिया। उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए जिन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों के साथ बैठक कर अस्पताल संचालन में आने वाली समस्याओं और चुनौतियों की जानकारी भी ली। उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से व्यवहार किया जाए।
उन्होंने बताया कि आगामी केदारनाथ यात्रा 2026 को देखते हुए यात्रा मार्ग में स्थित अस्पतालों में डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों की तैनाती के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है तथा स्वास्थ्य महानिदेशक से भी इस संबंध में वार्ता की जाएगी, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कोटेश्वर स्थित माधवाश्रम अस्पताल का भी निरीक्षण किया और अस्पताल प्रबंधन को स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने, समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं देने तथा निष्प्रयोज्य सामग्री का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी, तहसीलदार प्रणव पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।











