दस्तक पहाड़ न्यूज अगस्त्यमुनि। रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी के बाड़़व मल्ला गांव से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां 4 वर्षीय मासूम पंकू कल दोपहर करीब 2:30 बजे से लापता है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बच्चे के पिता विजय लाल खेत में हल चलाने गए थे। इसी दौरान उसकी मां मनसा देवी दोपहर का भोजन लेकर खेत की ओर निकली। बताया जा रहा है कि मासूम पंकू अपनी मां के पीछे-पीछे रोते हुए घर से निकल गया, लेकिन मां को इसकी भनक तक नहीं लगी।जब मनसा देवी वापस घर लौटीं, तो बच्चा वहां नहीं मिला। इसके बाद गांव में खोजबीन शुरू की गई। ग्रामीणों ने बताया कि बच्चा रोते हुए अपनी मां के पीछे गया था। यह जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत खोज अभियान शुरू किया गया।पूरी रात गांव के लोग बच्चे की तलाश में जुटे रहे। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और वन विभाग की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
जिला पंचायत सदस्य अजयवीर सिंह भंडारी ने बताया कि सभी संबंधित टीमें और ग्रामीण मिलकर लगातार बच्चे की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। फिलहाल प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान जारी रखा है।यदि किसी को भी बच्चे के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत स्थानीय पुलिस या प्रशासन को सूचित करें।










