दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 के परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिए गए। महाविद्यालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा सुखपाल सिंह रौतेला एवं प्राचार्य प्रो कैलाश चन्द्र दुदपुडी की मौजूदगी में मतगणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई। छात्र संघ चुनाव में कुल 1,359 छात्रों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद पर एवीबीपी के लक्की राणा ने 731 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी उज्जवल प्रसाद को 450 और मानसी को 143 मत मिले। अध्यक्ष पद की मतगणना में 35 मत अवैध पाए गए।
उपाध्यक्ष पद पर एन एसयूआई के सक्षम ने 603 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी शिवानी को 504, जबकि खुशी रावत को 155 मत प्राप्त हुए। इस पद पर 37 मत अवैध घोषित किए गए। सचिव पद पर मुकाबला अपेक्षाकृत कड़ा रहा, जिसमें एबीवीपी के लोकेश बिष्ट ने 586 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। सोमदेव प्रसाद चमोली को 500 और मनीषा को 217 मत मिले। सचिव पद पर 76 मत अवैध पाए गए। सह-सचिव पद पर एनएसयूआई की वर्षा ने 668 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उन्होंने शिवानी भट्ट को पराजित किया, जिन्हें 516 मत मिले। इस पद पर 175 मत अवैध घोषित किए गए। कोषाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की सोनाली 646 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुईं। कंचन को 507 और तनुजा को 119 मत मिले, जबकि 87 मत अवैध पाए गए। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एवीबीपी के प्रियांशू ने 536 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी गौरव तिनसोला को 486 और मानसी को 259 मत मिले। इस पद पर 78 मत अवैध घोषित किए गए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद महाविद्यालय परिसर में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ विजयी प्रत्याशियों का स्वागत किया।











