दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा 2026 के दौरान यात्रा मार्गों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग ने पहल शुरू की है। परिवहन विभाग रुद्रप्रयाग ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से वाहन चालकों को 150 से अधिक डस्टबिन वितरित किए।
मंदाकिनी टैक्सी यूनियन के चालकों सहित अन्य वाहन चालकों को डस्टबिन बांटकर यात्रा मार्गों पर कूड़ा न फैलाने के लिए जागरूक किया गया। वाहन चेकिंग के दौरान भी चालकों को डस्टबिन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) रुद्रप्रयाग धर्मेंद्र एस. बिष्ट ने बताया कि चारधाम यात्रा शुरू होने से अब तक परिवहन विभाग द्वारा 3,646 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। इससे ₹47 लाख 90 हजार का प्रशमन शुल्क राजस्व अर्जित किया गया है।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देना भी विभाग की प्राथमिकता है। डस्टबिन वितरण का उद्देश्य यात्रा मार्गों पर कूड़ा फैलने से रोकना और सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंध के प्रति वाहन चालकों को जागरूक करना है।एआरटीओ ने सभी वाहन चालकों से अपील की कि यात्रा के दौरान कूड़े का उचित निस्तारण करें, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें और चारधाम यात्रा को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में सहयोग करें।










