दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। जखोली विकास खण्ड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय जैली में 13वाँ वार्षिकोत्सव, वार्षिक पत्रिका ‘शिशुलोक’ के दशम् संस्करण का विमोचन एवं सम्मान समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख जखोली श्रीमती विनीता चमोली रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री हरिकृष्ण भट्ट ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डायट रतूड़ा के प्रतिनिधि वरिष्ठ प्रवक्ता श्रीमती ममता रावत एवं श्री सूरज सिंह नेगी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जनपदीय अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ श्री विक्रम सिंह झिंक्वाण, जिला महामंत्री राजकीय शिक्षक संघ श्री शंकर भट्ट एवं ग्राम प्रधान श्रीमती पूजा देवी राणा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, वेलकम सॉन्ग, बाल वाटिका के नन्हे बच्चों द्वारा “छोटी-छोटी चिड़ियाँ” प्रस्तुति, लोकगीत “कांधी मा धरैळी राधा” एवं विज्ञान आधारित नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘शिशुलोक’ के दसवें संस्करण का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम में शैक्षिक उपलब्धियों के लिए छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कु. दिव्या राणा को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में चयनित होने पर सम्मानित किया गया, जबकि आलोक राणा, दिया चमोली, पूजा राणा, रिया चमोली एवं निधि पंवार को बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया। समारोह में “उत्तरांचल शिशुलोक गौरव सम्मान” के तहत शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इसके अंतर्गत श्री विनोद प्रकाश भट्ट, श्रीमती अनीता राणा, श्रीमती चन्दा शाह, श्रीमती स्मिता कप्रवाण एवं श्रीमती बीना कप्रवाण को सम्मानित किया गया। 
कार्यक्रम में व्यायाम प्रदर्शन, जय केदार कला मंच द्वारा लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां, जीतू बग्ड्वाल के जागर, श्रीमती वंदना देवी के गीत तथा जाख देवताओं के थान की झलकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
अंत में राष्ट्रीय गीत एवं मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया।











