दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर, रुद्रप्रयाग में वृहद वृक्षारोपण अभियान एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों एवं जिला जज/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग श्रीमती नीना अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रीमती नीना अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज पूरे विश्व की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से पर्यावरणीय संतुलन लगातार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
इस दौरान जिला न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।वृक्षारोपण अभियान में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सी.डी.) श्रीमती पायल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अशोक कुमार, सिविल जज (सी.डी.) श्री अमित कुमार, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री सिद्धार्थ कुमार, सिविल जज (जू.डी.) श्री विकास कुमार, बार संघ अध्यक्ष श्री प्रदीप जगवाण, बार संघ सचिव श्री महावीर बुटोला, जिला शासकीय अधिवक्ता, बार संघ के अधिवक्ता, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री नरेन्द्र कोहली, श्री प्रमेन्द्र सिंह असवाल सहित न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम, जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, स्वच्छता एवं सतत विकास जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने लोगों से दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े छोटे-छोटे लेकिन प्रभावी कदम अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला उद्यान विभाग द्वारा पौधों की उपलब्धता एवं तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया, जबकि वन विभाग और सूचना विभाग का भी विशेष सहयोग रहा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कार्यक्रम के अंत में सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने और अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।











