दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। रुद्रप्रयाग जनपद के ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के बीच शनिवार को मंदाकिनी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से गंगानगर क्षेत्र में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नदी के बीच कार्य कर रही एक जेसीबी मशीन तेज बहाव में फंस गई, जिस पर चालक और उसका सहयोगी सवार थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, जल पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग के अनुसार, शनिवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना प्राप्त हुई कि सिंगोली-भटवारी जल विद्युत परियोजना के कुंड बैराज से जलस्तर बढ़ने के कारण पानी छोड़ा गया है। इसके बाद मंदाकिनी नदी का जलप्रवाह अचानक तेज हो गया, जिससे नदी के मध्य कार्यरत जेसीबी मशीन तथा उस पर मौजूद चालक और सहयोगी सुरक्षित बाहर नहीं निकल सके और बीच धारा में फंस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने तत्काल एसडीआरएफ, जल पुलिस तथा नगर पंचायत अगस्त्यमुनि की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। सभी एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।प्रशासन ने बताया कि घटनास्थल की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा बचाव अभियान की प्रगति के संबंध में समय-समय पर अद्यतन जानकारी जारी की जाएगी।जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और आम नागरिकों से अपील की है कि लगातार हो रही वर्षा और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी के समीप जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि पानी छोड़े जाने से पहले कार्यस्थल पर पर्याप्त चेतावनी दी गई थी या नहीं। इस संबंध में प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।











