दस्तक पहाड़ न्यूज अगस्त्यमुनि।। “सॉरी मम्मी, अब और सहन नहीं होता…” — ये शब्द सुनकर शायद ही किसी की आंखें नम होने से बचें। यह कथित आखिरी संदेश अब पूरे उत्तराखंड को झकझोर रहा है। हर किसी के मन में एक ही सवाल है—आखिर एक बेटी, एक शिक्षिका और एक नवविवाहिता किस दर्द से गुजर रही थी कि उसे ऐसा कहना पड़ा?
श्रीकोट निवासी सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की शादी को अभी महज आठ महीने ही हुए थे। लेकिन इसी दौरान उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना ने परिवार ही नहीं, पूरे प्रदेश को गहरे सदमे में डाल दिया है।सृष्टि की मौत के बाद उनके परिजनों ने सचिवालय में तैनात उनके पति, सास और ननद पर दहेज उत्पीड़न और हत्या के गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस बीच सोशल मीडिया पर सृष्टि का एक कथित आखिरी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कहती सुनाई देती हैं, “सॉरी मम्मी, अब और सहन नहीं होता।” यह वीडियो लोगों को भावुक कर रहा है। हालांकि, वीडियो की परिस्थितियों और उससे जुड़े तथ्यों की पुष्टि जांच एजेंसियों द्वारा की जानी बाकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी जांच CB-CID को सौंपने के निर्देश दिए हैं। अब इस पूरे प्रकरण की गहन और निष्पक्ष जांच होगी, जिससे मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। आज सृष्टि कंडारी सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि उन अनगिनत बेटियों की आवाज बन गई हैं, जो किसी न किसी कारण से चुपचाप पीड़ा सहती रहती हैं। यह मामला सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज के सामने खड़ा एक बड़ा सवाल है—क्या हमारी बेटियां आज भी अपने ही घर में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी पा रही हैं? अब पूरे उत्तराखंड की निगाहें CB-CID की जांच पर टिकी हैं। सभी को उम्मीद है कि सच्चाई सामने आएगी, दोषियों की जवाबदेही तय होगी और सृष्टि को न्याय मिलेगा।
CM धामी का बड़ा फैसला, CB-CID करेगी जांच; देवप्रयाग विधायक की मांग पर हुआ एक्शन
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीकोट निवासी सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में उत्तराखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच CB-CID को सौंपने के निर्देश जारी कर दिए हैं। गृह सचिव को इस संबंध में लिखित आदेश दिए गए हैं। इस मामले में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर निष्पक्ष, गहन और उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। विधायक ने कहा कि सृष्टि कंडारी प्रकरण ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच जरूरी है।मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की जांच CB-CID को सौंपने के निर्देश दिए।
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता : विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस संवेदनशील मामले को पूरी गंभीरता से देख रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।











