दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग।। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग में सितंबर माह के दौरान छह निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों का आयोजन विवेकानंद नेत्रालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम, किशनपुर देहरादून के माध्यम से किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने बताया कि पहला शिविर 2 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में आयोजित होगा। इसके बाद 5 सितंबर को ग्राम सभा मनसूना, 11 सितंबर को स्वामी रामकृष्ण विवेकानंद सेवा आश्रम गुप्तकाशी, 16 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि, 22 सितंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भीरी तथा 26 सितंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चन्द्रनगर में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र मरीजों को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि जिन लोगों को मोतियाबिंद की समस्या है, वे इन शिविरों का लाभ उठाएं। शिविरों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए लोग अपने क्षेत्र की आशा फेसिलिटेटर अथवा आशा कार्यकत्री से संपर्क कर सकते हैं।











