दस्तक पहाड़ न्यूज़। अगस्त्यमुनि। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि में 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपने वैज्ञानिक प्रोजेक्ट, शोध एवं नवाचारों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने अपने-अपने विषयों पर आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीनंद जमालोकी, सांसद प्रतिनिधि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि की प्रधानाचार्य रागनी नेगी ने की। इस अवसर पर जिला समन्वयक एवं राजकीय इंटर कॉलेज मणिपुर के प्रधानाचार्य महावीर सिंह रावत, जिला समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र थपलियाल, जिला अकादमिक समन्वयक रविंद्र सिंह पवार एवं कुसुम भट्ट, ब्लॉक समन्वयक अश्विनी गौड़ सहित सुनीता त्रिपाठी, संगीता राणा और जगमोहन रौथाण मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि श्रीनंद जमलोकी ने कहा कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा और नवाचार को सामने लाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के वैज्ञानिक और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नागरिक हैं। इसलिए बच्चों को विज्ञान के प्रति जिज्ञासु बनाना और उन्हें नए प्रयोगों के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है।
कार्यक्रम अध्यक्ष एवं प्रधानाचार्य रागनी नेगी ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर अपने आसपास की समस्याओं को समझने और उनके वैज्ञानिक समाधान तलाशने के लिए प्रेरित करती है।
जिला समन्वयक महावीर सिंह रावत ने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करना है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चे स्थानीय समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान के लिए वैज्ञानिक आधार पर कार्य करना सीखते हैं। आज यहां से चयनित 6 बाल वैज्ञानिक प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
जिला अकादमिक समन्वयक रविंद्र सिंह पवार एवं कुसुम भट्ट ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता को प्रयोगों के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर देती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के तीन-तीन सर्वश्रेष्ठ प्रोजेक्ट का चयन किया गया। जूनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज मणिपुर के हार्दिक एवं आराध्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज कंडारा की आयुषी एवं प्रियांशी द्वितीय स्थान पर रहीं। राजकीय इंटर कॉलेज फाटा की आस्था ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं, सीनियर वर्ग में अनूप नेगी मेमोरियल पब्लिक स्कूल रुद्रप्रयाग के कृष पंवार ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी विद्यालय के आराध्य भट्ट द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि डॉक्टर जैक्सवीन पब्लिक स्कूल गुप्तकाशी के आयुष्मान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस प्रकार जूनियर एवं सीनियर वर्ग से कुल छह सर्वश्रेष्ठ प्रोजेक्ट आगामी दिसंबर माह में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए हैं। चयनित बाल वैज्ञानिक प्रदेश स्तर पर जनपद का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने वैज्ञानिक प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सभी विजेता एवं चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकों एवं समन्वयकों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।










