दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की ओर से आगामी 29 नवंबर को आयोजित होने वाली उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (अपर पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय में संबंधित अधिकारियों एवं आयोग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा से जुड़े अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा परीक्षा केंद्रों पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, आवश्यक पुलिस बल की तैनाती करने तथा केंद्रों के आसपास सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। वहीं, परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए उड़नदस्तों को सक्रिय रखने और लगातार निगरानी करने को कहा। इसके साथ ही संबंधित विभागों को परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि अपर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 29 नवंबर, रविवार को जनपद में दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सामान्य अध्ययन (जीएस) तथा दूसरी पाली में अपराह्न 2 बजे से शाम 4 बजे तक सामान्य अभिरुचि (एप्टीट्यूड) की परीक्षा होगी। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 67 पदों पर चयन किया जाना है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी कमलेश मेहता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आयोग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।










