दस्तक पहाड न्यूज देहरादून। राजधानी देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र के छरबा इलाके में एक किराए के मकान के अंदर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को Dial 112 के माध्यम से सूचना मिली कि लांघा रोड छरबा स्थित पीएनबी एटीएम के पास प्यार सिंह के मकान में एक व्यक्ति किराए पर रहता है, जिसका कमरा अंदर से बंद है। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और कमरे से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सहसपुर से मौके पर पहुंची। ग्राम प्रधान, मकान मालिक और स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराते हुए कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। दरवाजा खुलने पर अंदर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान दीवान सिंह (लगभग 40 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह, निवासी सारी, ऊखीमठ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीवान सिंह सेलाकुई स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था और पिछले करीब 10 वर्षों से छरबा में किराए के मकान में रह रहा था।घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार मृतक के रिश्तेदार सुमन सिंह और दीपक, जो उसकी मौसी के बेटे बताए जा रहे हैं, भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे दी है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।











