दस्तक पहाड़ न्यूज अगस्त्यमुनि।। रुद्रप्रयाग जनपद के बसुकेदार क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छेनागाड़ से करीब दो किलोमीटर ऊपर मथ्यागांव के समीप छेनागाड़-घगासू-बांगर मोटर मार्ग पर एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK 13 TA 2189 में तीन लोग सवार थे। मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे मथ्यागांव के समीप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही DDRF और SDRF की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत कर खाई में गिरे तीनों लोगों को बाहर निकाला। हादसे में मोहन सिंह (65) और विनोद सिंह (42) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित (26) घायल हुए हैं। घायल रोहित को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल अस्पताल भेजा गया।रेस्क्यू टीमों ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर है। दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।











