दस्तक पहाड़ न्यूज अगस्त्यमुनि।। वरिष्ठ पत्रकार दिलवर बिष्ट का सोमवार देर रात हृदयाघात से निधन हो गया। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए श्रीकोट स्थित बेस अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। दिलवर बिष्ट वर्ष 2006-07 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे। करीब दो दशक के अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने विभिन्न समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों के साथ कार्य किया। उन्होंने दैनिक जागरण, शाह टाइम्स, दैनिक हॉक और लोक सत्य सहित कई समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा वे अनादि टीवी न्यूज चैनल से भी जुड़े रहे और जीवन के अंतिम समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे।सरल, सहज और मृदुभाषी स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले दिलवर बिष्ट की पहचान एक जमीनी पत्रकार के रूप में थी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों, स्थानीय समस्याओं और आमजन से जुड़े मुद्दों को अपनी पत्रकारिता में प्रमुखता से उठाया। जनसरोकारों से जुड़े विषयों की निरंतर रिपोर्टिंग के माध्यम से उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान बनाईl
पत्रकारिता जगत ने खोया कर्मठ साथी
उनके निधन पर रुद्रप्रयाग प्रेस क्लब समिति के अध्यक्ष कुलदीप राणा ‘आजाद’ ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिलवर बिष्ट का असमय निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वे एक सक्रिय और जमीनी पत्रकार होने के साथ-साथ सरल एवं सहज स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने अपना एक कर्मठ साथी खो दिया है।
वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी प्रसाद डिमरी, अनसूया प्रसाद मलासी, लक्ष्मण सिंह नेगी, हरीश गुसाई, देवेंद्र चमोली, प्रकाश रावत, भूपेंद्र भंडारी, कालिका काण्डपाल, दीपक बेंजवाल, हरेंद्र नेगी, नरेश भट्ट, रोहित डिमरी, प्रवीण सेमवाल, श्यामलाल सुन्द्रियाल, विक्रम कप्रवाण, दीपक बिष्ट, राजेश सेमवाल और हिमांशु सेमवाल समेत पत्रकारिता जगत से जुड़े अन्य लोगों ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। दिलवर बिष्ट का निधन क्षेत्रीय पत्रकारिता के लिए एक बड़ी क्षति है। जमीनी सरोकारों और आमजन की आवाज को अपनी कलम के माध्यम से सामने रखने वाले एक कर्मठ पत्रकार का यूं चले जाना लंबे समय तक महसूस किया जाएगा।











