दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। शहर में 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मयाली क्षेत्र के ग्राम कंडाई निवासी संदीप सिंह केतुरा पुत्र उम्मेद सिंह केतुरा का शव रुद्रप्रयाग स्थित उसके कमरे से बरामद हुआ। कमरे से दुर्गंध आने के बाद परिचितों ने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार संदीप कुछ समय से रुद्रप्रयाग में रह रहा था और एक हड्डी रोग विशेषज्ञ के यहां खाना बनाने का काम करता था। पिछले कुछ समय से उसके संपर्क में नहीं आने पर परिचितों ने फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिचित उसके कमरे पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और भीतर से दुर्गंध आ रही थी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो संदीप मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के कमरे का निरीक्षण करने के साथ पुलिस टीम से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची, जहां युवक मृत मिला। पुलिस टीम द्वारा मौके पर आवश्यक छानबीन की जा रही है। बताया जा रहा है कि संदीप जिस हड्डी रोग विशेषज्ञ के यहां खाना बनाने का काम करता था, उसे कुछ दिन पूर्व विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। हालांकि, संदीप की मौत और चिकित्सक की गिरफ्तारी के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू समेत सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।











