दस्तक पहाड न्यूज केदारनाथ।। श्री केदारनाथ धाम में मास्टर प्लान के अंतर्गत अवैध अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में शनिवार को केदारनाथ धाम व्यापारी संघ एवं स्थानीय दुकानदारों द्वारा हेलीपैड परिसर में दिया जा रहा धरना जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के साथ वार्ता के बाद समाप्त हो गया। धरना समाप्त होने के बाद धाम में यात्रा व्यवस्थाएं सामान्य रूप से संचालित होने लगी हैं।
शासन स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को केदारनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से नाराज व्यापारियों और स्थानीय दुकानदारों ने हेलीपैड परिसर में धरना शुरू कर दिया था।मामले की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने संबंधित व्यापारियों एवं स्थानीय दुकानदारों से वार्ता की। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं और उनके द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं को सुना। प्रशासन की ओर से कार्रवाई से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए स्थिति स्पष्ट की गई।जिलाधिकारी के साथ हुई वार्ता के बाद अपराह्न करीब 3:30 बजे व्यापारियों एवं स्थानीय दुकानदारों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। इसके बाद केदारनाथ धाम में सभी व्यवस्थाएं सामान्य रूप से संचालित होने लगीं।जिला प्रशासन के अनुसार वर्तमान में श्री केदारनाथ धाम की यात्रा पूरी तरह सुचारू है। श्रद्धालुओं की आवाजाही, दर्शन व्यवस्था और यात्रा से जुड़ी अन्य गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।जिला प्रशासन ने केदारनाथ धाम में यात्रा से जुड़े सभी पक्षों से आपसी सहयोग, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।











