दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP एंगल को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कांग्रेस पार्टी ने अगस्त्यमुनि में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधायक मनोज रावत ने प्रमुखता से अपनी बात रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। मनोज रावत ने दिल्ली में अंकिता भंडारी के माता-पिता द्वारा दिए जा रहे धरने के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि बीती रात दिल्ली में धरना दे रहे अंकिता के माता-पिता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पुलिस ने जबरन उठाकर थाने पहुंचाया। उन्होंने इस कार्रवाई पर विरोध जताते हुए कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और उसके परिवार की मांगों के समर्थन में कांग्रेस अपनी आवाज उठाती रहेगी। मनोज रावत ने जानकारी दी कि इस घटना के विरोध में आज शाम रुद्रप्रयाग सहित पूरे प्रदेश में कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कथित VIP एंगल की जांच का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। अंकिता भंडारी के माता-पिता लंबे समय से मामले से जुड़े सवालों की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। परिवार की मांग है कि CBI जांच पूरी होने तक भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम की सिक्किम के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति पर रोक लगाई जाए। इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कुलदीप कण्डारी और ब्लॉक अध्यक्ष हरीश गुसाईं भी मौजूद रहे। दोनों पदाधिकारियों ने भी अंकिता भंडारी हत्याकांड और परिवार को न्याय दिलाने से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।
गौरतलब है कि सितंबर 2022 में ऋषिकेश के निकट वनंतरा रिजॉर्ट में कार्यरत 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मई 2025 में अदालत ने तीन दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि, कथित VIP एंगल को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मामले की निष्पक्ष जांच की मांग एक बार फिर तेज हो गई है।अगस्त्यमुनि में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कांग्रेस ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, उसके परिवार की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और दिल्ली में हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में जनसमर्थन जुटाने का आह्वान किया। इसी क्रम में रुद्रप्रयाग में प्रस्तावित कैंडल मार्च के जरिए भी विरोध दर्ज कराने की बात कही गई।










