दस्तक पहाड़ न्यूज। रुद्रप्रयाग। नैनीताल के सहयोग से को निःशुल्क विधिक सेवा वाहन ‘न्याय रथ’ प्राप्त हुआ। इस पहल को आमजन तक न्याय सेवाएं पहुंचाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती नीना अग्रवाल ने पूजा-अर्चना के बाद न्याय रथ का निरीक्षण किया और हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस वाहन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी आसानी से विधिक सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
कार्यक्रम में सचिव श्रीमती पायल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अशोक कुमार सैनी, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री सिद्धार्थ कुमार, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्री अमित कुमार एवं सिविल जज (जूनियर डिवीजन) श्री विकास कुमार समेत अन्य न्यायिक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
‘न्याय चला निर्धन के द्वार’ थीम पर आधारित यह न्याय रथ जिले के दूरदराज और वंचित इलाकों में जाकर लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श, जागरूकता और सरकारी योजनाओं की जानकारी देगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग ने इस पहल के लिए उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल का आभार जताया है। यह पहल न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने और समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने में सहायक साबित होगी।











