दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। रुद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर एक सिलेरियो कार (UK 13 B 4293) अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 50 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी और एक पेड़ पर अटक गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर के नेतृत्व में कोतवाली ऊखीमठ पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। सभी घायलों को तत्काल वाहन से निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा गया।
पुलिस के अनुसार वाहन बांसवाड़ा से पेलिंग/उथिंड गांव की ओर जा रहा था। दुर्घटना में उथिंड गांव निवासी महेन्द्र सिंह (68), उनके पुत्र अंजन सिंह (42) तथा संगीता देवी (32) की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है।हादसे में रेशमा देवी, दक्षित (5 वर्ष), सान्वी (3 वर्ष), विहान (8 वर्ष) और वैभव (10 वर्ष) घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।











