दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के ग्राम क्वीली में 5 जून को आदरणीय श्री पूर्णानंद पुरोहित (मास्टर दादा) की जन्म शताब्दी के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। श्री नन्दा नाभ्या सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार, समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी होंगे। इस अवसर पर वह “एक वृक्ष गुरु के नाम” अभियान का शुभारम्भ करेंगे तथा अपने पूज्य गुरु श्री पूर्णानंद पुरोहित जी के नाम पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और गुरु सम्मान का संदेश देंगे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान देने वाली 101 मातृशक्तियों का सम्मान भी किया जाएगा।जन्म शताब्दी समारोह में मास्टर दादा का 101 किलोग्राम पुष्पों से पुष्पाभिषेक किया जाएगा। वहीं क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना को लेकर ईष्ट देवी भगवती नंदा मंदिर में वैदिक विधि-विधान से हवन-यज्ञ का आयोजन भी होगा।सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत रुद्रप्रयाग की प्रतिष्ठित कलश संस्था द्वारा कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा प्रसिद्ध लोक कलाकार दिगम्बर बिष्ट एवं उनकी टीम उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देंगी। स्थानीय महिला समूहों द्वारा पारंपरिक झुमैलो एवं लोकनृत्यों की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री द्वारा श्री पूर्णानंद पुरोहित जी के जीवन पर आधारित स्मारिका “जीवन के सौ बसंत” का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के लिए विशाल भण्डारे की व्यवस्था की गई है।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष पंकज पुरोहित ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य मास्टर दादा के शिक्षा, संस्कार, समाजसेवा एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित जीवन-दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि श्री पूर्णानंद पुरोहित का व्यक्तित्व पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत रहा है और यह समारोह उनके योगदान को स्मरण करने का एक विनम्र प्रयास है।श्री नन्दा नाभ्या सेवा ट्रस्ट ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।











