दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला सभागार, कलेक्ट्रेट रुद्रप्रयाग में आयोजित सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, पत्रकार, साहित्यकार, लोक संस्कृति के संरक्षणकर्ता, धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यकर्ता और खेल क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठजन शामिल रहे।
समारोह में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने वरिष्ठजनों को सम्मानित करते हुए कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, ज्ञान और जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके प्रति समाज में हमेशा सम्मान और सहयोग की भावना बनी रहनी चाहिए।
इन वरिष्ठजनों को किया गया सम्मानित
- डॉ. कृष्णानन्द डिमरी (71 वर्ष), सच्चिदानन्दनगर, वार्ड-05, रुद्रप्रयाग को सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वे सामाजिक कार्यकर्ता हैं तथा सामाजिक कार्यों के आधार पर आईकोनिक पीस अवार्ड और कौशिल्या, नई दिल्ली द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किए जा चुके हैं।
- श्री पूर्णानन्द पुरोहित (100 वर्ष), ग्राम क्वीलि, पोस्ट क्यूंजा को शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। 100 वर्ष की आयु में भी उनका सामाजिक अनुभव और योगदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।
- श्री अनुसूया प्रसाद मलासी (64 वर्ष), ग्राम गिंवाला, पोस्ट विनोबापुरी सामाजिक आंदोलनों से सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। उन्होंने शराबबंदी आंदोलन सहित विभिन्न सामाजिक आंदोलनों में योगदान दिया। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा के दौरान आपदा प्रभावित लोगों के समुचित पुनर्वास के लिए उन्होंने पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में निःशुल्क सेवाएं दीं।
- श्री आदित्य राम, ग्राम टेमना, पोस्ट चोपड़ा को सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया।
- डॉ. कृष्णानन्द नौटियाल (69 वर्ष), नगर पंचायत गुप्तकाशी को लोक संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं शोध कार्यों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
- श्री आशा प्रसाद सेमवाल (62 वर्ष), नगर पंचायत गुप्तकाशी पत्रकारिता और लेखन के क्षेत्र से लंबे समय तक जुड़े रहे हैं। उन्होंने स्थानीय पत्र हिलांस और सरहदी में लेखन किया। वर्ष 1991 से 2004 तक जनलहर के जिला संवाददाता तथा 1996 से 2005 तक दैनिक जागरण के प्रतिनिधि के रूप में कार्य किया। उनके साहित्यिक योगदान में काव्य संग्रह सहित साक्षात्कार, उपन्यास एवं अन्य साहित्यिक रचनाओं का उल्लेख है।
- श्री आनन्दमणि सेमवाल (74 वर्ष), ग्राम हरण, पोस्ट गुप्तकाशी को नशामुक्ति के लिए लोगों को जागरूक करने तथा सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
- श्री दलवीर सिंह पुजारी (66 वर्ष), ग्राम भेतसेम, पोस्ट नारायणकोटी को धार्मिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
- श्री सुरेन्द्र दत्त नौटियाल (67 वर्ष), नगर पंचायत गुप्तकाशी को धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया।
- श्री नरेन्द्र सिंह रौथाण (80 वर्ष), ग्राम रायड़ी, पोस्ट रायड़ी को खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वे एनसीसी/एनएसएस से संबंधित चयनकर्ता, टीम मैनेजर एवं निर्णायक के रूप में राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में भी प्रतिभाग कर चुके हैं।
‘पीढ़ियों का कारवां’ के विजेता छात्र भी सम्मानित
समारोह में ‘पीढ़ियों का कारवां’ अभियान के अंतर्गत आयोजित पोस्टर, सेल्फी, निबंध एवं कविता पाठ प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा ने बताया कि पोस्टर प्रतियोगिता में एसपीवीएम विद्यालय, ऊखीमठ की छात्रा दिव्या चौहान ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर रुद्रप्रयाग जनपद का नाम रोशन किया।कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों ने नई पीढ़ी के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा किए और युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जुड़कर सकारात्मक योगदान देने का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के सदस्य दरम्यान सिंह जखवाल, वरिष्ठजन तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











