दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी जयंती के उपलक्ष्य में जिला खेल कार्यालय अगस्त्यमुनि की ओर से ओपन वर्ग क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बालक वर्ग के 60 और बालिका वर्ग की 32 खिलाड़ियों समेत कुल 92 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।
बालक वर्ग की 6 किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ अगस्त्यमुनि खेल मैदान से गंगतल तक आयोजित हुई। इसमें जयविंद्र ने प्रथम, आयुष ने द्वितीय और सचिन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जयप्रकाश चौथे, हिमांशु पांचवें और आदित्य छठे स्थान पर रहे। खास बात यह रही कि बालक वर्ग के शीर्ष छह स्थानों पर नितिन फिजिकल अकादमी के खिलाड़ियों ने कब्जा जमाया।वहीं, बालिका वर्ग की 3 किलोमीटर दौड़ अगस्त्यमुनि खेल मैदान से स्वरगढ़ क्षेत्र तक आयोजित हुई। इसमें अहिंसा ने प्रथम, प्रियांशी ने द्वितीय और शानू ने तृतीय स्थान हासिल किया। राशि चौथे, खुशी पांचवें और माधुरी छठे स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अगस्त्यमुनि अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराती हैं। खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज चौहान ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर खिलाड़ी जिला स्तर से लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं।
प्रतियोगिता में प्रथम छह स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला।इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि मुकेश रावत एवं ठाकुर सिंह गड़िया, प्रशिक्षक आलोक नेगी, नितिन चंद्रा, बीपी बमोला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता ने अगस्त्यमुनि में युवाओं के बीच खेलों के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना को और मजबूत किया।











