दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत भणज निवासी युवा कृषक अजय नेगी को कृषि के क्षेत्र में अभिनव कार्य करने के लिए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने ‘प्रगतिशील कृषक सम्मान’ से सम्मानित किया। पंतनगर में शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को आयोजित 120वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में राज्य के नौ जिलों के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राज्यपाल गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। रुद्रप्रयाग जिले से अजय नेगी को सम्मान मिलना जिले के लिए गौरव की बात है।
25 हजार की नौकरी छोड़ खेती को बनाया रोजगार
अजय नेगी पहले पशुपालन विभाग में संविदा पर अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे और उन्हें करीब 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता था। वर्ष 2019-20 में कोरोना काल के दौरान पिता की तबीयत खराब होने पर उन्हें संविदा नौकरी छोड़कर गांव लौटना पड़ा। इसके बाद उन्होंने सरकारी योजनाओं और विभागीय योजनाओं का लाभ लेते हुए खेती-बागवानी को अपना रोजगार बनाने का निर्णय लिया।अजय नेगी ने सब्जी एवं फल उत्पादन के साथ-साथ जूस का छोटा कारोबार भी शुरू किया। वर्तमान में वह 12 नाली से अधिक भूमि पर धान, दलहन, मंडुवा, झंगोरा, कीवी, माल्टा, नारंगी, कागजी नींबू, ब्रोकली, मिर्च और अदरक का उत्पादन कर रहे हैं।
कीवी और माल्टा बने आय के प्रमुख स्रोत
अजय नेगी की मेहनत और आधुनिक खेती के प्रति रुचि का परिणाम है कि आज कीवी और माल्टा उनकी आय के प्रमुख स्रोत बन चुके हैं। खेती-बागवानी से वह वर्तमान में करीब 60 से 70 हजार रुपये प्रतिमाह तक की आय अर्जित कर रहे हैं।अजय नेगी की यह सफलता पहाड़ में रहकर खेती-बागवानी को रोजगार का मजबूत माध्यम बनाने की दिशा में युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं का सही लाभ लेकर और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर पहाड़ों में भी कृषि एवं बागवानी से अच्छी आमदनी हासिल की जा सकती है।अजय नेगी को मिला यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की पहचान है, बल्कि रुद्रप्रयाग जिले के किसानों और युवाओं के लिए भी गौरव एवं प्रेरणा का विषय है।











