दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर उठाए सवाल, अमर शहीद अशोक कैशिव स्मारक पर आयोजित की श्रद्धांजलि
दस्तक पहाड न्यूज ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आज रुद्रप्रयाग, जखोली, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमर शहीद अशोक कैशिव स्मारक पर शोक सभा आयोजित कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के निर्णयों पर सवाल उठाते हुए अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष विनोद राणा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं प्रदेश सचिव रीता पुष्पवान, पूर्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष कर्मवीर कुंवर, प्रदीप कुमार ,ऋतिक, सौरभ, रोहित आदि सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के संदर्भ में अपनी आपत्ति व्यक्त करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण उत्तराखंड की जनता की भावनाओं से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील मामला है। प्रदेश की जनता आज भी अंकिता को न्याय दिलाने की मांग कर रही है। ऐसे में सरकार को इस मामले से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए तथा निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। कहा कि अंकिता भंडारी केवल एक नाम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय से जुड़ा सवाल है। प्रदेश की जनता चाहती है कि इस मामले में न्याय की मांग को गंभीरता से सुना जाए और किसी भी प्रकार के संदेह का निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाए।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए और जनता के समक्ष तथ्यों को स्पष्ट किया जाए।
अगस्त्यमुनि में कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह कण्डारी के नेतृत्व में अगस्त्यमुनि बैंक कालोनी से पुरानादेवल कैण्डिल मार्च निकाला गया। इसमें केदारनाथ के पूर्व विधायक मनोज रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष कुंवर सिंह सजवाण, ब्लॉक अध्यक्ष हरीश गुसाई, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष हर्षू लाल, कांग्रेस जिला महामंत्री दिगम्बर गुसाई , डाॅ योगम्बर नेगी, ताजबर खत्री, पूर्व जिलापंचायत सदस्य दीपा देवी आर्य, रजनी देवी, एनएसयूआई अध्यक्ष आलोक जग्गी, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्रसंघ उपाध्यक्ष सक्षम, सह-सचिव वर्षा, कोषाध्यक्ष सोनाली सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष कुलदीप कण्डारी ने कहा “अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी। उत्तराखंड की बेटी अंकिता के साथ जो हुआ, उसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। आज भी उसके परिवार को न्याय का इंतजार है। सरकार को अंकिता हत्याकांड के पूरे सच को सामने लाना चाहिए और जिस भी व्यक्ति की भूमिका इस मामले में रही है, उसके खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। किसी भी राजनीतिक दबाव या प्रभाव के चलते दोषियों को संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।अंकिता को न्याय दिलाने और उसके परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। आज का यह कैंडिल मार्च केवल विरोध नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटी के लिए न्याय की सामूहिक आवाज है।”


अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने








