दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम की यात्रा इन दिनों सुचारू रूप से संचालित हो रही है। इस वर्ष अब तक 17,75,059 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। आगामी 11 नवंबर 2026 को श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे।जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से मौसम अनुकूल रहने के कारण यात्रा व्यवस्थाएं सामान्य बनी हुई हैं। धाम के लिए संचालित हेली सेवाएं भी सुचारू रूप से चल रही हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा के शेष दिनों में भी देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
धाम में हल्की बर्फबारी, तापमान में गिरावट
केदारनाथ धाम में हल्की बर्फबारी के साथ तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से मौसम को ध्यान में रखते हुए यात्रा की तैयारी करने की अपील की है।जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से कहा कि केदारनाथ यात्रा पर आने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। इसके साथ ही पर्याप्त गर्म कपड़े, आवश्यक सामग्री और अपनी जरूरत की दवाइयां साथ लेकर आएं।उन्होंने श्रद्धालुओं से मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने तथा जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।










