दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बुधवार को एक और कदम बढ़ाया गया। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने सौरगढ़–सौड़भट्ट गांव मोटर मार्ग के क्यार्क से बावई अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) तक मिसिंग लिंक मोटर मार्ग के द्वितीय चरण का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया।
द्वितीय चरण के तहत 92.41 लाख रुपये की लागत से मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। सड़क बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही बावई अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना भी आसान होगा।इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सम्राट राणा ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग के द्वितीय चरण के निर्माण की मांग कर रहे थे। विधायक आशा नौटियाल के प्रयासों से अब इस मांग को धरातल पर उतारने का कार्य शुरू हुआ है।विधायक आशा नौटियाल ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ गांवों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अर्जुन नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सम्राट राणा, ग्राम प्रधान बावई शालनी देवी, सहायक अभियंता अनुराग त्रिपाठी, सूरज पाल गुसाईं, त्रिलोचन भट्ट, अमित प्रदाली, मानेंद्र कुमार, दीपक नेगी, भागचंद लाल, सत्येंद्र बरतवाल, भागचंद नेगी, दुर्गा सिंह रावत, देवेंद्र बास्कंडी, सचेंद्र रावत, लक्ष्मण वर्तवाल सहित अन्य ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।










