दस्तक पहाड न्यूज गौरीकुंड।। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान 19 मई की रात्रि हुई तेज बारिश के चलते सोनप्रयाग–गौरीकुंड यात्रा मार्ग पर तीन स्थानों पर भूस्खलन होने से यात्रा मार्ग बाधित हो गया। घटना के समय मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति चिंताजनक बन गई। हालांकि जिला प्रशासन, NDRF, SDRF, पुलिस और अन्य राहत एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मौके की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। प्रशासन की टीमों ने कठिन मौसम और लगातार बारिश के बीच राहत कार्य शुरू किया और महज 30 मिनट के भीतर पैदल यात्रियों के लिए मार्ग खोल दिया।
रातभर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार निगरानी रखी गई। जेसीबी मशीनों की सहायता से मलबा हटाकर यात्रा मार्ग को पुनः सुचारु कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने बताया कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा में 19 मई तक 6 लाख 94 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।











