दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि। केदारनाथ यात्रा के दौरान अगस्त्यमुनि मुख्य बाजार में लगातार बढ़ रही यातायात अव्यवस्था और जाम की समस्या को लेकर नगर उद्योग व्यापार मंडल अगस्त्यमुनि ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधार की मांग उठाई है। व्यापार मंडल के शिष्टमंडल ने कहा कि यात्रा सीजन शुरू होने के बावजूद अभी तक बाजार क्षेत्र के लिए कोई स्पष्ट यातायात गाइडलाइन जारी नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह नेगी, महामंत्री मनीष विष्ट, कोषाध्यक्ष विक्रम नेगी तथा प्रदेश मंत्री मोहन रौतेला के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि अगस्त्यमुनि मुख्य बाजार, विजयनगर, बिष्ट कॉलोनी, पीएनबी बैंक क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर लंबे समय से खड़े दोपहिया वाहनों के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है। इससे पैदल चलने वाले राहगीरों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल ने मांग की कि मुख्य बाजार के फुटपाथों और सड़कों पर खड़े दोपहिया वाहनों को खेल मैदान अथवा पुराने देवल क्षेत्र में पार्क कराया जाए, ताकि बाजार में आवाजाही सुचारु रह सके। साथ ही टैक्सी प्वाइंट पर निर्धारित स्थान से अधिक वाहन खड़े न किए जाएं।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि अगस्त्य मंदिर आने वाले यात्री वाहनों को कुछ समय रुकने की अनुमति दी जाए अथवा उन्हें व्यवस्थित पार्किंग स्थल तक भेजा जाए, जिससे बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।व्यापार मंडल ने प्रशासन से शीघ्र प्रभावी यातायात योजना लागू करने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो यात्रा सीजन में स्थिति और गंभीर हो सकती है।











