दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि। रुद्रप्रयाग जनपद के अगस्त्यमुनि नगर क्षेत्र अंतर्गत बनियाड़ी वार्ड में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। मन्दाकिनी नदी में नहाने गया एक 26 वर्षीय युवक अचानक तेज बहाव में लापता हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजन व ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बनियाड़ी वार्ड के नीचे मन्दाकिनी नदी तट पर ग्रामीण पूजाई कार्यक्रम के लिए एकत्रित हुए थे। इसी दौरान बनियाड़ी निवासी नीरज (26 वर्ष) नदी में नहाने चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नीरज तैराक था और वह दो बार नदी के बीच तक तैरकर गया तथा सुरक्षित वापस तट पर लौट आया। इससे वहां मौजूद लोगों को किसी प्रकार के खतरे की आशंका नहीं हुई।बताया जा रहा है कि तीसरी बार नीरज फिर नदी में उतरा और तैरते हुए काफी आगे निकल गया। कुछ देर बाद वह अचानक लोगों की नजरों से ओझल हो गया। काफी समय तक वापस न लौटने पर ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और स्थानीय लोग नदी किनारे उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल बना हुआ है।
दस्तक पहाड़ न्यूज़ लोगों से अपील करता है कि बरसात के मौसम में नदियों और जलधाराओं के बढ़ते जलस्तर एवं तेज बहाव को देखते हुए अत्यधिक सावधानी बरतें तथा जोखिम भरे स्थानों पर नहाने से बचें।











