दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। जनस्वास्थ्य एवं उपभोक्ता हितों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मक्कूमठ में खाद्य संरक्षा एवं औषधि सुरक्षा संबंधी औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जिला न्यायाधीश, रुद्रप्रयाग के मार्गदर्शन तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग श्रीमती पायल सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया।
निरीक्षण अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन श्री मनोज कुमार सेमवाल एवं औषधि निरीक्षक श्री अमित कुमार आजाद ने प्रतिभाग किया। टीम ने क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों, होटलों और रिसॉर्ट्स का गहन निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, खाद्य एवं औषधि सुरक्षा मानकों तथा आवश्यक अभिलेखों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान एक मेडिकल स्टोर में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि संबंधित प्रतिष्ठान बिना वैध लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय टीम ने तत्काल प्रभाव से मेडिकल स्टोर को बंद कराते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
वहीं विभिन्न होटलों एवं रिसॉर्ट्स में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और स्वच्छता मानकों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के रख-रखाव और साफ-सफाई में कमियां पाए जाने पर सचिव डीएलएसए श्रीमती पायल सिंह ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संचालकों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान दो खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर तीन होटल संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई।
श्रीमती पायल सिंह ने स्पष्ट कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों, खाद्य एवं औषधि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
दस्तक पहाड़ न्यूज़ : जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर प्रशासन की सख्ती, मक्कूमठ में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप।











