दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देहरादून द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद रुद्रप्रयाग में 28 एवं 29 जुलाई को कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा अति तीव्र से अत्यंत तीव्र बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने सभी तहसील कंट्रोल रूम तथा श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग पर तैनात सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने SDRF, NDRF, DDRF, YMF, पुलिस, आपदा मित्र सहित सभी रेस्क्यू एजेंसियों को आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों के साथ पूर्ण सतर्कता में रहने को कहा है, ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), लोक निर्माण विभाग (PWD), पीएमजीएसवाई (PMGSY), एनपीसीसी (NPCC), ग्रामीण निर्माण विभाग (RWD) सहित संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि संभावित आपदा की स्थिति में मोटर मार्गों एवं पैदल मार्गों को शीघ्र सुचारु करने के लिए आवश्यक मशीनरी, मानव संसाधन और अन्य संसाधन पहले से तैयार रखें।
जिला प्रशासन ने अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और किसी भी आपात सूचना का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं आमजन और केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।










