दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग, 07 अगस्त 2026।रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्री मध्यमहेश्वर धाम की यात्रा अगले आदेश तक अस्थायी रूप से स्थगित कर दी है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ और लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट में यात्रा मार्ग पर गंभीर सुरक्षा जोखिमों की जानकारी दी गई है। रांसी से गौंडार होते हुए बनतोली तक जाने वाले लगभग 14.50 किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग के शुरुआती हिस्से में कटिंग कार्य चल रहा है। कई स्थानों पर भूस्खलन और लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है, जबकि कुछ श्रद्धालु जोखिम भरे क्षेत्रों में सेल्फी और फोटोग्राफी भी कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। इसके अलावा बनतोली में मोरखण्डा नदी पर बना लकड़ी का अस्थायी पुल 24 जुलाई 2026 को बह गया था, जिसके बाद ट्रॉली के माध्यम से आवाजाही कराई जा रही है। ट्रॉली एक बार में केवल दो व्यक्तियों को ले जाने में सक्षम है, लेकिन यात्रियों की भारी भीड़ के कारण सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। ट्रॉली की मरम्मत और रखरखाव के लिए भी कम से कम दो से तीन दिन का समय आवश्यक बताया गया है। इन परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनसुरक्षा एवं व्यापक जनहित में श्री मध्यमहेश्वर धाम यात्रा को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे फिलहाल मध्यमहेश्वर धाम की यात्रा पर न निकलें तथा यात्रा से पहले जिला प्रशासन द्वारा जारी नवीनतम निर्देशों का पालन करें। संबंधित विभागों को यात्रा मार्ग पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सूचना पट्ट लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।











