दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। जनपद में लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने गुरुवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर मानसून के दौरान तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यालय स्तर के अधिकारियों के साथ सभी विकासखंडों के अधिकारी एवं कर्मचारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संसाधन, मशीनरी तथा कार्मिकों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला प्रशासन एवं आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने को कहा। डीएम ने विशेष रूप से नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों और केदारनाथ यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों और स्थानीय लोगों को समय-समय पर मौसम और मार्ग की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रोकने और मार्गदर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि कहीं भूस्खलन, मलबा आने या अन्य कारणों से सड़क अवरुद्ध होती है तो संबंधित विभाग तत्काल मशीनरी भेजकर युद्धस्तर पर मार्ग बहाल करें, ताकि आमजन और यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, सीओ रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
किसी भी प्राकृतिक आपदा से निपटने हेतु तैयारी का उच्चतम स्तर बनाये रखें साथ ही किसी भी दैवीय आपदा/घटना/दुर्घटना/मार्ग अवरुद्ध/क्षति की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र, रूद्रप्रयाग के निम्न सम्पर्क नंबरों पर तत्काल दी जायें।* 📱8958757335 📱8218326386 ☎️01364233727











