दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। श्री केदारनाथ धाम के पूर्व मुख्य पुजारी एवं वेद मूर्ति श्री गुरुलिंग जी महाराज हीरेमठ के शिवेक्य होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। उन्होंने लगभग 80 वर्ष की आयु में बीती रात 12:30 बजे बेंगलुरु में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से केदारघाटी सहित देशभर में उनके अनुयायियों और शिवभक्तों में शोक की लहर दौड़ गई।
श्री गुरुलिंग जी महाराज वर्ष 1970-71 में पुजारी के रूप में श्री केदारनाथ मंदिर प्रतिष्ठान में नियुक्त हुए थे। उन्होंने लगभग चार दशक तक बाबा केदारनाथ की पुजारी एवं मुख्य पुजारी के रूप में समर्पित भाव से सेवा की। वे वीर शैव लिंगायत जंगम हीरेमठ परंपरा से जुड़े थे और उनके परिवार की तीसरी पीढ़ी भी श्री केदारनाथ जी की सेवा परंपरा से जुड़ी हुई है। वर्तमान में उनके ज्येष्ठ पुत्र श्री शिव शंकर लिंग जी महाराज हीरेमठ श्री केदारनाथ प्रतिष्ठान के वरिष्ठ मुख्य पुजारियों में शामिल हैं और इस वर्ष श्री मध्यमहेश्वर धाम में पुजारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। श्री गुरुलिंग जी महाराज के सुपुत्र स्वर्गीय मृत्युंजय लिंग जी महाराज भी शिवभक्तों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। कुछ वर्ष पूर्व कम आयु में ही उनका भी निधन हो गया था।गुरुलिंग जी महाराज के दादा के भाई 1008 श्री श्री श्री शांत लिंग जी महाराज श्री केदारनाथ धाम के पूर्व रावल रहे थे। बताया जाता है कि उन्हीं के कार्यकाल में श्री केदारनाथ मंदिर प्रतिष्ठान का प्रशासन रावल जी के हाथों से श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को हस्तांतरित हुआ था।उनके परिवार के एक सुपुत्र उत्तराखंड सरकार के आयुर्वेद विभाग में चिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि उनके सबसे छोटे पुत्र बेंगलुरु में कार्यरत हैं। गुरुलिंग जी महाराज के निधन पर केदारनाथ धाम से जुड़े लोगों, संत-महात्माओं, पुजारी समाज और शिवभक्तों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके स्नेह, सरलता और बाबा केदार की सेवा के प्रति समर्पण को सदैव स्मरण किया जाएगा।
केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने जताया शोक
केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने श्री गुरुलिंग जी महाराज के शिवेक्य होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाबा केदार की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले गुरुलिंग जी महाराज का निधन धार्मिक एवं आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। विधायक ने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार एवं अनुयायियों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
पूर्व विधायक मनोज रावत ने भी दी श्रद्धांजलि
पूर्व विधायक मनोज रावत ने भी श्री गुरुलिंग जी महाराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुरुलिंग जी महाराज का केदारनाथ धाम की पूजा-अर्चना एवं सेवा परंपरा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनका जाना केदारनाथ धाम और समूचे धार्मिक समाज के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को शिवेक्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
ॐ नमः शिवाय। बाबा केदारनाथ अपने सेवक श्री गुरुलिंग जी महाराज को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।











