दस्तक पहाड न्यूज देहरादून। शिक्षक दिवस पर पांच सितंबर को राज्य के 19 शिक्षकों को शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) इन शिक्षकों को सम्मानित करेंगे।
शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार 2025 के तहत प्रारंभिक शिक्षा के 12, माध्यमिक शिक्षा के 6 और प्रशिक्षण संस्थान के एक शिक्षक का चयन किया गया है। इन नामों की घोषणा अप्रैल में ही कर दी गई थी। पांच सितंबर को लोक भवन में होने वाले सम्मान समारोह में इन शिक्षकों के साथ ही राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 हासिल करने वाली चंपावत जिले के राजकीय प्राथमिक विद्यालय च्यूरानी की प्रधानाध्यापिका डॉ. मंजू बाला को भी सम्मानित किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिमल्टी ने पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों के तय समय पर समारोह में पहुंचने के लिए सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है। चयनित शिक्षक सम्मान समारोह में अपने साथ परिवार के एक-एक सदस्य को भी ला सकेंगे। विभाग की ओर से ड्रेस कोड और गाइडलाइन भी जारी की गई है।
प्रारंभिक शिक्षा में सम्मानित होने वाले शिक्षक : सम्मानित होने वाले शिक्षकों में प्रारंभिक शिक्षा से विष्णुपाल सिंह नेगी प्राइमरी स्कूल कोटड़ी रिखणीखाल पौड़ी, लखपत रावत जूनियर हाईस्कूल चोपता नारायणबगड़ चमोली, पृथ्वी सिंह रावत प्राइमरी स्कूल उदकोटी पुरोला उत्तरकाशी, वीरेंद्र सिंह रावत पूर्व माध्यमिक विद्यालय कंडोली अपर देहरादून, रोबिन सिंह प्राइमरी स्कूल गोपालपुर हरिद्वार, एमपी सेमवाल उच्चतर प्राथमिक विद्यालय बहेड़ी भिलंगना टिहरी, शशिकांत नौटियाल प्राइमरी स्कूल ढौंडिक अगस्त्यमुनि रुद्रप्रयाग, जहीर अब्बास प्राइमरी स्कूल चौड़ाकोटा चंपावत, नौ सिंह प्राइमरी स्कूल सरवरखेड़ा द्वितीय जसपुर ऊधमसिंहनगर, डॉ. श्वेता मजगाईं प्राइमरी स्कूल विजयपुर कोटाबाग नैनीताल, विक्रम सिंह परिहार उच्चतर प्राइमरी स्कूल मदकोट पिथौरागढ़ और त्रिलोक सिंह अधिकारी जूनियर हाईस्कूल गवाड़ द्वाराहाट अल्मोड़ा शामिल हैं।
माध्यमिक शिक्षा में सम्मानित होने वाले शिक्षक : मा्ध्यमिक शिक्षा से नरेंद्र सिंह नेगी राइंका जगतेश्वर पाबौं पौड़ी, डॉ. सुमन ध्यानी शर्मा राबाइंका गौचर चमोली, डॉ. अतुल श्रीवास्तव राइंका भगवानपुर धारकोट देहरादून, कलमेश पंवार राबाइका गुलाबशाहपीर हरिद्वार, नवीन चंद्र पंत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पल्सों चंपावत और वीएस मेहता भारतीय सैनिक स्कूल नैनीताल तथा डायट से डॉ. सुबोध सिंह बिष्ट प्रवक्ता जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बड़कोट उत्तरकाशी को सम्मानित किया जाएगा।











