दस्तक पहाड़ न्यूज रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए आज से हेली सेवाओं का संचालन पुनः शुरू कर दिया गया है। हेली सेवा शुरू होने से वृद्ध, दिव्यांग और पैदल यात्रा करने में असमर्थ श्रद्धालुओं के साथ कम समय में बाबा केदार के दर्शन करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
जनपद में निर्धारित 08 हेलीपैडों से निजी हेली सेवा प्रदाता कंपनियों द्वारा हेली सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। सेवा शुरू होने से पहले नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीमों ने संबंधित हेलीपैडों और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद निर्धारित मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं के अनुरूप उड़ान संचालन की अनुमति दी गई।जिला प्रशासन ने बताया कि हेली सेवाओं के संचालन में DGCA के दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।प्रशासन द्वारा उड़ानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। मौसम, दृश्यता, हवा की गति और अन्य आवश्यक परिस्थितियों की नियमित निगरानी की जाएगी। मौसम और सुरक्षा की स्थिति अनुकूल होने पर ही उड़ानों का संचालन किया जाएगा। प्रतिकूल मौसम या किसी अन्य जोखिम की स्थिति में सुरक्षा मानकों के अनुसार आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।प्रशासन ने हेली सेवा प्रदाता कंपनियों को यात्रियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा और यात्री सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।जिला प्रशासन का कहना है कि उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।











