दस्तक पहाड़ न्यूज देहरादून। उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन अगले कुछ दिनों में मौसम फिर करवट लेने के संकेत हैं। अगले कुछ दिन में मानसून के विदा होने का अनुमान है, इस दौरान कहीं-कहीं जोरदार वर्षा हो सकती है।
आज इन सात जिलों में हो सकती है बारिश: मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चम्पावत, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा हो सकती है। वहीं राज्य के शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार से बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने व वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए संबंधित क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। इधर, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी और तपिश का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादलों के बीच हल्की वर्षा भी हो रही है।मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तराखंड के शेष हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके साथ ही मौसम में बदलाव का दौर भी देखने को मिल सकता है।











