दस्तक पहाड न्यूज वाण। प्रचलित माँ नन्दा बड़ी जात यात्रा के अंतर्गत बुधवार, 16 सितम्बर 2026 को तीनों परगनों की देव डोलियां अपने निर्धारित पड़ावों पर पहुंचीं। परगना दशोली, परगना बधाण एवं परगना बण्ड क्षेत्र की देव डोलियां रात्रि विश्राम के लिए वाण गांव पहुंचीं।
वाण गांव में मां नंदा की डोली के पहुंचते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ पड़े। ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ मां नंदा की डोली का स्वागत किया। इस दौरान पूरे गांव में ‘जय मां नंदा’ के जयकारे गूंजते रहे और वातावरण भक्तिमय हो गया।बड़ी जात यात्रा को लेकर वाण क्षेत्र में विरोध की सूचनाओं के बीच डोली का जिस तरह ग्रामीणों ने स्वागत किया, उससे श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा में शामिल दशोली और बधाण क्षेत्र की देव डोलियां भी वाण पहुंचीं और मां नंदा की डोली से उनका धार्मिक मिलन हुआ।
मां नंदा की डोली और अन्य देव डोलियों के इस पावन मिलन के साक्षी बनने के लिए सैकड़ों नंदा भक्त वाण गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने पारंपरिक ढंग से देव डोलियों का स्वागत किया और पूजा-अर्चना की। देर शाम तक वाण गांव में श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति का माहौल बना रहा।मां नंदा की बड़ी जात यात्रा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह नजर आया। तीनों परगनों की देव डोलियों के एक साथ वाण पहुंचने से गांव का वातावरण पूरी तरह धार्मिक और उत्सवमय हो गया।


वाण गांव में मां नंदा









