दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) 5 से 11 अक्टूबर 2026 तक की जाएगी। यह जांच ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस, बहुद्देशीय क्रीड़ा भवन के निकट अगस्त्यमुनि में होगी।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में एफएलसी की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन आयोग से आए अभियंताओं और तकनीकी टीम द्वारा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच की जाएगी। एफएलसी प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेगी।
दो प्रतिनिधि प्रतिदिन कर सकेंगे प्रतिभाग: एफएलसी प्रक्रिया में प्रत्येक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल से अधिकतम दो अधिकृत प्रतिनिधि प्रतिदिन शामिल हो सकेंगे। राजनीतिक दलों को अपने अध्यक्ष अथवा अधिकृत प्रतिनिधि को जांच प्रक्रिया के दौरान निर्धारित स्थल पर उपस्थित रहने के लिए अधिकृत करना होगा।एफएलसी केंद्र में प्रवेश के लिए प्रतिनिधियों को प्रवेश पास जारी किए जाएंगे। इसके लिए राजनीतिक दलों को 30 सितंबर 2026 तक जिला निर्वाचन कार्यालय में प्रतिनिधियों का विवरण उपलब्ध कराना होगा।प्रतिनिधियों के विवरण के साथ नवीनतम दो-दो पासपोर्ट साइज फोटो, नाम, मोबाइल नंबर, पिता/पति का नाम, पूरा पता तथा आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र की छायाप्रति उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच में राजनीतिक दल महत्वपूर्ण सहयोगी और जिम्मेदार हितधारक हैं। उनकी मौजूदगी से एफएलसी प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में सहयोग मिलेगा। एफएलसी पूरी होने के बाद मॉक पोल की निर्धारित तिथि की जानकारी राजनीतिक दलों को अलग से दी जाएगी।
3 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम निर्वाचक नामावली : बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद रुद्रप्रयाग में एसआईआर का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। 3 अक्टूबर 2026 को शुद्ध अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।











