दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि, 22 सितंबर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि-रुद्रप्रयाग में छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी करते हुए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार 23 सितंबर को नामांकन प्रपत्रों की बिक्री होगी। इच्छुक छात्र-छात्राएं सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन प्रपत्र प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद 24 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन किया जाएगा।26 सितंबर को नामांकन वापसी का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसी दिन दोपहर 12:30 बजे से 3 बजे तक नामांकन प्रपत्रों की जांच की जाएगी और शाम 4 बजे तक वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 2 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे तथा परिणाम की घोषणा के तुरंत बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा।महाविद्यालय प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी नियमित संस्थागत छात्र-छात्राओं से निर्धारित तिथियों एवं समय का पालन करने की अपील की है। छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही महाविद्यालय परिसर में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है।











