दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। हरेला पर्व के अवसर पर उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग रुद्रप्रयाग जनपदभर में वृहद पौधारोपण अभियान चलाएगा। अभियान के तहत ऊखीमठ, जखोली और अगस्त्यमुनि क्षेत्र में कुल 1100 फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को पौधारोपण के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा कार्यक्रम की सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला उद्यान अधिकारी राजेश प्रसाद जसोला ने बताया कि आगामी 16 जुलाई को राजकीय आदर्श उद्यान ऊखीमठ में हरेला कार्यक्रम के अंतर्गत 300 माल्टा एवं कीवी के पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा विकासखंड जखोली और अगस्त्यमुनि में 800 फलदार पौधों का रोपण प्रस्तावित है। इनमें माल्टा, कागजी नींबू, आम और अमरूद के पौधे शामिल हैं।उन्होंने बताया कि विभाग का उद्देश्य हरेला पर्व को हरित दिवस के रूप में मनाते हुए जनपद में फल उत्पादन को बढ़ावा देना और किसानों को बागवानी के प्रति प्रोत्साहित करना है। साथ ही किसानों को उन्नत किस्म के फलदार पौधे उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने की दिशा में भी यह अभियान महत्वपूर्ण साबित होगा।विभाग के अनुसार पौधारोपण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, स्कूली बच्चों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनसहभागिता को भी बढ़ावा मिल सके।











