दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। रुद्रप्रयाग जिले के दशज्यूला क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कों जागतोली–कोटखाल और चोपड़ा–काण्डई मोटर मार्ग पर लंबे समय से लंबित डामरीकरण कार्य को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आक्रोश आखिरकार सामने आ गया। जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा से मुलाकात कर सड़कों की बदहाल स्थिति और लंबित कार्यों का मुद्दा उठाया।
इस दौरान अधिकारियों से जवाब मांगते हुए जयवर्धन काण्डपाल ने तीखे अंदाज में कहा, “आपने सड़क पर नहीं, हम पर कालिख पोती है… हमें बेवकूफ बनाया है।” उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं और विभाग के चक्कर काट-काटकर जनता और जनप्रतिनिधि थक चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि “जनता को कब तक आश्वासन देते रहेंगे?”
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तलब कर दोनों सड़कों पर लंबित कार्यों की जानकारी ली। पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र फर्स्वाण ने बताया कि चोपड़ा–काण्डई मोटर मार्ग की 13.5 किलोमीटर स्वीकृत लंबाई में से 4 किलोमीटर तथा जागतोली–कोटखाल मोटर मार्ग की 9.10 किलोमीटर लंबाई में से 1.50 किलोमीटर हिस्से में डामरीकरण किया जा चुका है। शेष कार्य अभी लंबित है।अधिशासी अभियंता ने बताया कि संबंधित ठेकेदारों को कई बार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। वार्ता के बाद विभाग की ओर से 27 अक्टूबर 2026 से दोनों मोटर मार्गों पर डामरीकरण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया।
वहीं, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि 30 अक्टूबर तक धरातल पर डामरीकरण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो 31 अक्टूबर से उग्र आंदोलन और आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
जिलाधिकारी से मुलाकात करने वालों में ग्राम प्रधान इशाला राजेन्द्र राणा, देवेंद्र बासकण्डी, कालिका काण्डपाल, बुद्धि बल्लभ थपलियाल, गजेंद्र राणा, वासुदेव राणा, मुकेश बिष्ट, विनीत बिष्ट, ललित मोहन काण्डपाल, सुदर्शन सिंह नेगी, विजय पाल कठैत, गोपाल सिंह बासकण्डी, पंकज राणा, हरि शरण पांडे और कुंवर सिंह सहित अन्य ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


जनता को कब तक आश्वासन








