दस्तक पहाड़ न्यूज रुद्रप्रयाग। किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में संचालित डायलिसिस यूनिट बड़ी राहत साबित हो रही है। वर्ष 2022 से संचालित इस यूनिट के माध्यम से मरीजों को अब डायलिसिस के लिए दूसरे जनपदों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल में स्थापित डायलिसिस यूनिट में 5 बेड की सुविधा उपलब्ध है। इसके संचालन के लिए एक चिकित्सक, तीन टेक्नीशियन और दो वार्ड बॉय तैनात हैं, जो मरीजों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।यूनिट की सबसे बड़ी सुविधा आयुष्मान कार्डधारक मरीजों को मिल रही है। ऐसे मरीजों के लिए डायलिसिस पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है। इसके अलावा डायलिसिस कराने वाले मरीजों की आवश्यक पैथोलॉजी जांच भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इससे किडनी रोगियों और उनके परिजनों पर उपचार का आर्थिक बोझ कम हुआ है।स्थानीय स्तर पर डायलिसिस की सुविधा मिलने से मरीजों को उपचार के लिए श्रीनगर, देहरादून अथवा अन्य बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ रही है। खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह सुविधा काफी महत्वपूर्ण साबित हो रही है।जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि डायलिसिस यूनिट सुचारु रूप से संचालित हो रही है। यूनिट के माध्यम से किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को जनपद स्तर पर ही आवश्यक उपचार मिल रहा है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी राहत मिल रही है।जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जिला अस्पताल की डायलिसिस यूनिट गंभीर किडनी रोगियों के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।











